Tuesday, 9 April 2013
उर्दू शिक्षकों की भर्ती के लिए अलग होगी टीईटी
मोअल्लिम-ए-उर्दू उपाधिधारकों के लिए तलाशा नया रास्ता
-टीईटी में विज्ञान, गणित के प्रश्नों से मिलेगी छूट, 100 अंकों की लिखित परीक्षा खत्म
जागरण ब्यूरो, लखनऊ : मोअल्लिम-ए-उर्दू उपाधिधारकों को बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में उर्दू शिक्षक नियुक्त करने का नया रास्ता तलाशते हुए कैबिनेट ने परिषदीय विद्यालयों में भाषा शिक्षकों की भर्ती के लिए अनिवार्य 100 नंबर की लिखित भाषा परीक्षा को खत्म करने का फैसला किया है। कैबिनेट ने सोमवार को उप्र बेसिक शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली, 1981 की धारा-17(1) को निरस्त करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। वहीं कैबिनेट ने तय किया है कि परिषदीय स्कूलों में भाषा शिक्षकों की भर्ती के लिए अलग से अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) आयोजित की जाएगी जिसमें संबंधित भाषा का एक अलग प्रश्नपत्र होगा।
भाषा की प्रवीणता की परीक्षा लेने वाले इस प्रश्नपत्र में निबंध लेखन, व्याकरण, कॉम्प्रीहेन्शन और बच्चों को पढ़ाने के लिए टीचिंग मैथडोलॉजी से जुड़े कुल 150 नंबर के सवाल पूछे जाएंगे। इस प्रश्नपत्र में विज्ञान और गणित के सवाल नहीं होंगे। भाषा शिक्षक बनने के लिए इस प्रश्नपत्र में 60 प्रतिशत अंक पाना अनिवार्य होगा। परिषदीय स्कूलों में भाषा शिक्षक के रूप में सिर्फ उर्दू शिक्षक नियुक्त किये जाते हैं। परिषदीय विद्यालयों में उर्दू शिक्षकों के 4280 पद हैं। 11 अगस्त 1997 से पहले के मोअल्लिम-ए-उर्दू उपाधिधारक और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एमएयू) से डिप्लोमा इन टीचिंग उत्तीर्ण अभ्यर्थी परिषदीय स्कूलों में उर्दू शिक्षक नियुक्त किये जाने के लिए टीईटी से छूट दिये जाने की मांग कर रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा शिक्षकों की भर्ती के लिए टीईटी को अनिवार्य किये जाने के बाद राज्य सरकार के लिए उन्हें टीईटी से छूट दे पाना संभव नहीं है। इसलिए सरकार ने उन्हें उर्दू भाषा शिक्षक नियुक्त करने के लिए नई तरकीब ढूंढ़ी है।
मोअल्लिम-ए-उपाधिधारकों और एएमयू से डिप्लोमा इन टीचिंग उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को परिषदीय स्कूलों में उर्दू शिक्षक नियुक्त करने के प्रस्ताव पर फैसला लेने के लिए चार दिसंबर 2012 को हुई बैठक में कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को फैसला लेने के लिए अधिकृत किया था। मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदित प्रस्ताव पर सोमवार को कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी।
----- इनसेट -----
उर्दू शिक्षकों के लिए टीईटी जून में
कैबिनेट के फैसले के क्रम में उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति के लिए सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से जून में टीईटी आयोजित कराये जाने की संभावना है। सरकार की मंशा है कि टीईटी का रिजल्ट भी यथासंभव जून में ही घोषित कर दिया जाए जिससे कि उर्दू शिक्षकों की नियुक्तियां कर दी जाएं।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment