जागरण ब्यूरो, इलाहाबाद : उत्तर प्रदेश पीसीएस प्री की परीक्षा के लिए इस बार नेट बैंकिंग के जरिए भी आवेदन शुल्क जमा किया जा सकेगा। अभ्यर्थियों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पहली बार यह सुविधा प्रदान की है। जिन अभ्यर्थियों को पंजाब नेशनल बैंक एवं स्टेट बैंक आफ इंडिया में नेट बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, वे सहजता से इस बार शुल्क अदा कर सकेंगे। आयोग के अधिकारियों का कहना है कि इससे परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए लगने वाली लंबी लाइनों से काफी हद तक निजात मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा संचालित सम्मिलित राज्य/ प्रवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य चयन)-2013 के लिए शनिवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गयी। आवेदन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है। 25 अप्रैल तक आवेदन अस्वीकार किए जाएंगे। परीक्षा के लिए सिर्फ ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। सामान्य चयन के लिए अनुमानित पदों की संख्या 200 तय की गई है हालांकि इसमें बढ़ोतरी होने की संभावना है। विकलांग कोटे में 13 पद रखे गए हैं।
उल्लेखनीय है कि पीसीएस प्री परीक्षा 9 जून को होनी है। इस परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए आयोग के निर्देशानुसार पुन: आवेदन करना होगा। मुख्य परीक्षा के बाद साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
---------------
पहले ही दिन चरमराई व्यवस्था
पीसीएस प्री परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन के पहले ही दिन व्यवस्था चरमराई रही। आवेदन करने वाले बड़ी मुश्किल से साइट पर फार्म खोल पाए। इसके लिए उन्हें कई-कई बार प्रयास करना पड़ा। परीक्षा नियंत्रक पीएन दुबे के अनुसार पहला दिन होने के कारण छात्रों का लोड साइट पर बढ़ गया जिससे असुविधा हुई। आगे चलकर सिस्टम ठीक-ठाक काम करने लगेगा।
No comments:
Post a Comment